पचपेड़वा (बलरामपुर)। तेज रफ्तार ट्रक ने नेशनल हाईवे पर लक्ष्मीनगर बौद्ध मंदिर के पास बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सीएचसी पचपेड़वा ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पचपेड़वा थाना क्षेत्र के मलदा निवासी अवधेश ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि वह अपने पिता कल्लू (60) को बाइक से लेकर बिजुआ गांव जा रहा था। नेशनल हाईवे पर लक्ष्मीनगर के पूरब बौद्ध मंदिर के सामने बढ़नी से आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में पिता कल्लू का पैर कट गया।
आसपास के लोगों की मदद से उनको इलाज के लिए सीएचसी पचपेड़वा में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी के डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में पिता की मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक पचपेड़वा थाना दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक चालक मुरादाबाद निवासी सरताज को गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है।