बलरामपुर के सीएचसी पचपेड़वा में टीबी रोगी को पौष्टिक आहार किट देते अधीक्षक ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। 100 दिवसीय सघन टीबी रोगी खोजो अभियान के तहत सोमवार को सीएचसी पचपेड़वा व शिवपुरा में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 65 क्षय रोगियों को विभिन्न अधिकारियों ने गोद लिया है। उन्हें पोषण पोटली वितरित की गई। क्षय रोगियों को खानपान पर ध्यान देने तथा नियमित जांच कराने का सुझाव दिया गया।
पचपेड़वा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यक्रम का शुभारंभ जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एके शुक्ल ने किया। उन्होंने टीबी रोग के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि क्षय रोग को जल्दी ठीक करने के लिए पर्याप्त मात्रा में पौष्टिक आहार का सेवन करें। क्षय रोगियों को मुफ्त इलाज के साथ पोषण योजना के तहत एक हजार रुपये प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि भी मिलेगी। यहां पर 55 टीबी रोगियों को गोद लेते हुए उन्हें पोषण पोटली वितरित की। इस अवसर सीएचसी अधीक्षक विजय कुमार सिंह, डाॅ. गयासुद्दीन, डॉ. सुल्ताना, डॉ. अनिल, डॉ. इश्तियाक अहमद, शहंशाह आलम व मेहताब आदि मौजूद रहे। इसी तरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा में 10 टीबी रोगियों को पोषण पोटली का वितरित किया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रणव कुमार पांडेय ने क्षय रोग के लक्षण व उपचार के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर ओमप्रकाश वर्मा, संदीप कुमार, बलवंत राव व बृजेश कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।