बलरामपुर। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। सरकारी दफ्तरों में थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। विकास भवन में आने वालों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। विकास भवन में अब एक मात्र गेट से लोगों को एंट्री दी जा रही है।
सीडीओ अमनदीप डुली ने बताया कि कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते विकास भवन में सोमवार से थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है। विकास भवन परिसर के अंदर एक को छोड़कर बाकी सभी गेट बंद करा दिए गए हैं। प्रवेश वाले गेट पर कर्मचारियों की निगरानी के लिए ड्यूटी लगा दी गई है।
बिना थर्मल स्क्रीनिंग के किसी को भी प्रवेश न देने का कड़ा निर्देश दिया गया है। थर्मल स्क्रीनिंग प्रक्रिया में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सीडीओ ने कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है। सीडीओ के निर्देश विकास भवन के सभी अफसरों व कर्मियों ने थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही अंदर प्रवेश किया।