लरामपुर में तारों की मरम्मत करते कर्मी
बलरामपुर। जिले में बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी है। शनिवार को अघोषित कटौती व लोकल फाल्ट के कारण शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। विभाग की तरफ से दो घंटे की बिजली कटौती की सूचना देकर करीब पांच घंटे तक आपूर्ति बंद रखी गई।
विद्युत विभाग के अनुसार, जिला मुख्यालय के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र भगवतीगंज से जुड़े क्षेत्रों में शनिवार को दोपहर 12 बजे से दो बजे बिजली आपूर्ति बंद रहनी थी। इस दौरान 33 केवी भगवतीगंज के विद्युत लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जाना था। उपभोक्ताओं को दो घंटे कटौती की सूचना देकर पांच घंटे तक बिजली गुल रही। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे कटौती गई और शाम सवा पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। उपभोक्ता रवि कुमार, योगेश, सुमित, राहुल व मनमोहन ने बताया कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था बदहाल है। विशुनापुर फीडर में ब्रेकडाउन व धर्मपुर फीडर में फाल्ट के कारण दो घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। उतरौला क्षेत्र में बारिश के कारण शनिवार को करीब 10 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह करीब छह बजे बिजली काटी गई। इसके बाद भी कई बार बिजली आती-जाती रही। उपभोक्ता आलोक गुप्त, दिनकर, सुमित कुमार, विनोद कुमार और नसीम अहमद ने बताया कि हल्की बारिश और तेज हवा चलते ही नगर की विद्युत व्यवस्था चौपट है। इससे लोगों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
-
125 बकायेदारों के काटे कनेक्शन
बलरामपुर। विद्युत विभाग की तरफ से बिजली बिल के बकायेदारों से वसूली के लिए अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को अलग-अलग टीमों ने जांच अभियान चलाकर 125 बड़े बकायेदारों के कनेक्शन काटे। उपखंड अधिकारी गौरव शर्मा ने बताया कि गोसाई पुरवा, बेलहा, पिपरा, चूल्हाभारी, बड़ी लुचिविया में जांच अभियान चलाया गया। 125 बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे गए, जबकि 221 बकायेदार उपभोक्ताओं को नोटिस दिया गया है। इसके अलावा बिजली चोरी पकड़ने जाने पर पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।