बलरामपुर के तुलसीपुर उत्तमदास वार्ड में टूटी सड़क।
- फोटो : BALRAMPUR
तुलसीपुर (बलरामपुर)। नगर के उत्तमदास वार्ड में समस्याओं का बोलबाला है। चारों तरफ गंदगी, कीचड़ व जलभराव से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। वार्ड में विकास कार्य न होने से लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।
वार्ड में बिजली आपूर्ति के लिए पर्याप्त संख्या में पोल नहीं लगे हैं। पोल न लगने के कारण तमाम लोग बिजली की सुविधा से वंचित हैं। नियमित सफाई न होने के कारण जहां चारों तरफ कूड़े का ढेर लगा है वहीं नालियां भी बजबजा रही हैं।
कूड़े के ढेर व नालियों से उठने वाली दुर्गंध के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वार्ड में कुल सात गलियां हैं जिनमें से मात्र एक गली में इंटरलाकिंग कराई गई है। वार्ड में लगे अधिकांश इंडिया मार्का हैंडपंप खराब हैं जिसके कारण लोगों को पेयजल के लिए दर-दर भटकना पड़ता है।
बैरागी कॉलोनी स्थित पानी की टंकी से आने वाले वाटर सप्लाई का पानी भी लोगों को नहीं मिल पा रहा है। विकास के नाम पर वार्ड में कोई कार्य नहीं कराया गया है जिससे वार्डवासियों में आक्रोश व्याप्त है। रविवार को अमर उजाला के रिपोर्टर अमित श्रीवास्तव ने वार्ड में लोगों से सुविधाओं एवं समस्याओं को लेकर बातचीत की।