फोटो-26-बलरामपुर के ग्राम भगवानपुर स्थित जलाशय।-संवाद
जरवा। सोहेलवा जंगल से सटे ग्राम भगवानपुर स्थित जलाशय में मगरमच्छ दिखाई देने के एक सप्ताह बाद भी चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया जा सका है। बीते बुधवार शाम जलाशय में मगरमच्छ दिखाई देने के बाद से ग्रामीणों, आसपास के किसानों और बांध देखने पहुंच रहे पर्यटकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। इसके बावजूद जलाशय के आसपास अब तक ऐसा कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे लोगों को मगरमच्छ की मौजूदगी और उससे बचाव की जानकारी मिल सके।
तुलसीपुर से बांध घूमने पहुंचे रहीम, रहमान और सिराज ने बताया कि उन्होंने इससे पहले कभी जिंदा मगरमच्छ नहीं देखा था। वहीं, सेखुइकलां, बलरामपुर से पहुंचे रमन, दिनेश, जनार्दन और विजय ने बताया कि अखबार में खबर पढ़ने के बाद वे मगरमच्छ देखने पहुंचे हैं।
ग्राम प्रशासक सलमान खान और ग्रामीण मोहम्मद सलमान, आफताब, आबिद व राम नरेश ने बताया कि सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने रविवार तक चेतावनी बोर्ड लगाने की बात कही थी, लेकिन अभी तक बोर्ड नहीं लगाया गया।
रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि अब पर्यटकों की संख्या कम हो गई है और तीन दिन से मगरमच्छ दिखाई नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि चेतावनी बोर्ड लगाने की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की है। इसमें देरी क्यों हुई, इसकी जानकारी की जाएगी।
सिंचाई विभाग के जेई संतोष कुमार ने बताया कि बोर्ड तैयार कराने में पेंटर की ओर से देरी हुई है। उन्होंने कहा कि गुरुवार तक बोर्ड मिल जाएगा।