तुलसीपुर (बलरामपुर)। स्थानीय तहसील क्षेत्र के ग्राम बगहीशीर में 15 दिन से बिजली गुल है। इससे उपभोक्ताओं में आक्रोश है। शुक्रवार को उपभोक्ताओं ने उपकेंद्र पर प्रदर्शन कर बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की।
उपभोक्ता अमित कुमार, सूरज तिवारी, रामसुंदर, अमित कुमार कनौजिया, जुगल किशोर, जमुना यादव, मनोज, पप्पू सिंह, राजू वर्मा, नरेंद्र सैनी, राहुल, शिव कुमार जायसवाल, राधेश्याम, पंडित यादव व राज यादव आदि ने बताया कि बगहीशीर में 15 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप है। बिजली न आने से भीषण गर्मी में हम लोगों को काफी दिक्कतों का सामाना करना पड़ रहा है।
गांव में कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण आए दिन फुंक जाता है। छह महीने से गांव का ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग विभागीय उच्चाधिकारियों से की जा रही है लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। गांव में तैनात लाइनमैन भी हमारी समस्याओं को नही सुनता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लाइनमैन अवैध ढंग से वसूली करता है। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए विभागीय उच्चाधिकारियों से मांग की है कि शीघ्र ही गांव की बिजली आपूर्ति शुरू कराई जाए। बिजली आपूर्ति शुरू न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी उपभोक्ताओं ने दी है। इस संबंध में जेई संतोष मौर्या ने बताया कि फाल्ट हो जाने के कारण बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। शीघ्र ही फाल्ट को ठीक कराकर बिजली आपूर्ति शुरू कराई जाएगी।