बलरामपुर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) फार्म में मांगी गई जानकारी ही देनी है। इसमें कोई भी दस्तावेज जमा नहीं करना है। मतदाता को फाॅर्म में व्यक्तिगत जानकारी भरनी है। नाम, पता, माता-पिता का नाम, मोबाइल नंबर व इपिक नंबर देना है। फार्म के साथ किसी तरह के दस्तावेज को लगाने की जरूरत नहीं है। यदि 2003 की मतदाता सूची में नाम है तो उसका विवरण दे सकते हैं। अगर नहीं है तो कोई परेशानी की बात नहीं है।
सदर एसडीएम हेमंत कुमार गुप्त ने बुधवार को शहर के मोहल्ला नई बस्ती में बीएलओ (बूल लेवल अधिकारी)रवींद्र गुप्त के साथ जागरूकता कार्यक्रम किया। बताया कि सभी लोग अपने बीएलओ से संपर्क करके फार्म में अपना ब्योरा दर्ज करा दें। बीएलओ प्रत्येक सदस्य के लिए दो फार्म देंगे। दोनों फार्म पर पासपोर्ट साइज फोटो लगानी है। दोनों फार्म पर सदस्य को अपने हस्ताक्षर करने होंगे। एक फार्म बीएलओ साथ ले जाएंगे। एक फार्म आपके पास रहेगा। आपके पास वाले फार्म पर बीएलओ का हस्ताक्षर होगा। यदि महिला की उम्र 42 वर्ष या उससे कम है, तो माता-पिता का 2002 का प्रमाण पत्र ही मान्य रहेगा। किसी अन्य दस्तावेज की आवश्यकता नहीं है।
ऐसे भरें फार्म
-फार्म में मोबाइल नंबर साफ-साफ लिखें।
-जन्मतिथि सही भरें।
-आधार नंबर वैकल्पिक है, अनिवार्य नहीं।
-फार्म को फाड़े नहीं, सुरक्षित रखें।
फार्म जमा करना अनिवार्य
-फार्म जमा करना अनिवार्य है, वरना नाम कट सकता है।
-पूरे देश में आपका नाम बस एक जगह रहेगा।
दूर रहने वाले बीएलओ से करें संपर्क
-यदि आप वर्तमान में अपने निवास स्थान से दूर रहे रहे हैं, तो अपने बीएलओ से संपर्क करके फार्म प्राप्त करें।
प्रतिदिन की जा रही समीक्षा
एसआईआर की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। मतदाता सूची को तैयार करने में सतर्कता बरतने और बीएलओ को पारदर्शी व त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करने में सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है। मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण अभियान चार दिसंबर तक चलेगा। सभी बीएलओ को घर-घर जाकर पुनरीक्षण कार्य करने का निर्देश दिया गया है।
-ज्योति राय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम वित्त एवं राजस्व