जरवा में धान कुटाई के दौरान इसी ट्रैक्टर के चपेट में आया मासूम। - स्रोत ग्रामीण
जरवा। रानियापुर पहाड़ापुर गांव में रविवार शाम सड़क किनारे खेल रहा सात वर्षीय मासूम ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसे में मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से गांव में सन्नाटा पसरा है।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे गांव में सड़क किनारे धान की कुटाई की जा रही थी। ट्रैक्टर से मशीन जुड़ी थी और आसपास कई बच्चे खेल रहे थे। बच्चे मशीन के निकले से चावल बटोर रहे थे। इसी दौरान चालक ने बिना ध्यान दिए अचानक ट्रैक्टर स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया। इस दौरान गांव निवासी कुद्दुस का पुत्र रोमान (7) ट्रैक्टर के पिछले हिस्से के नीचे आकर कुचल गया। हादसे में रोमान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद चालक घबराकर मौके से भाग निकला।
हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। बच्चे रोने लगे और ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद पिता कुद्दुस और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जा रहा है कि हादसे में शामिल ट्रैक्टर लुधौरी प्रतापपुर निवासी सिद्दीकी का है। ग्रामीणों ने बताया कि धान कूटने का काम रोज इसी जगह पर चलता था और बच्चे वहां खेलने चले आते थे।
प्रभारी निरीक्षक राकेश पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ट्रैक्टर और धान की मशीन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पसरा मातम
रोमान की मौत के बाद गांव के घर-घर में सन्नाटा छा गया। जिस आंगन में शाम को बच्चों की खिलखिलाहट गूंजती थी, वहां अब केवल सिसकियों की आवाज है। ग्रामीण रहमान ने बताया कि रोमान की मौत से परिवार में मातम छा गया है। हर कोई उसे याद कर गमगीन है।