बलरामपुर। बाहर से आने वाले प्रवासी श्रमिक एक बार फिर कोरोना के वाहक बन गए हैं। लोगों की लापरवाही भी कोरोना संक्रमण को लगातार बढ़ा रही है।
गुरुवार को बस व रेलवे स्टेशनों पर हुई जांच के दौरान बाहर से लौटे नौ यात्री कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी लोगों को होम आइसोलेट किया गया है। इसके साथ ही उनके संपर्क में आए लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
जिला सूचना कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना पॉजिटिव केस की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले के तीन रेलवे स्टेशन एवं रोडवेज बस डिपो पर लगातार जांच की जा रही है। गुरुवार को नौ यात्रियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है।
पॉजिटिव पाए गए लोगों में बलरामपुर नगर क्षेत्र के पुरैनिया तालाब, बड़ी इमली व भगवतीगंज, शिवपुरा के करमैती, कटराशंकरनगर, गनेशपुर, सोनपुर व बलरामपुर ग्रामीण तथा उतरौला निवासी एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को होम आइसोलेट किया गया है।
सभी के संपर्क में आए लोगों की तलाश की जा रही है। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 2375 हो गई है। 2251 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। 36 लोगों की मौत हो चुकी है। इस समय कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या 88 है।