रेहरा बाजार (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के केराडीह गांव के भूतहा तालाब के पास 11 हजार हाईटेंशन बिजली की तार के चपेट में आने से मंगलवार को नौ छुट्टा गोवंशों की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस, बिजली व पशुपालन विभाग की टीम जांच पड़ताल में जुट गई है।
रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के केराडीह निवासी संतोष सिंह, रघुनाथ सिंह, अमन सिंह, अनुराग सिंह, ननकन व हसन मोहम्मद ने बताया कि सोमवार की भोर में रेहरा बाजार पावर हाउस से केराडीह जाने वाले 11 हजार हाईटेंशन तार जर्जर होने के कारण टूटकर गिर गया था। तार गांव के भूतहा तालाब के पास खेत में लोहे के तार से बने बाड़ पर गिर गया जिससे पूरे खेत के बाड़ में करंट उतर गया।
करंट की चपेट में आने से मौके पर नौ छुट्टा मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई। इन लोगों ने पुलिस, बिजली व पशुपालन विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक रेहरा बाजार थाना पारस प्रसाद, पशु चिकित्साधिकारी एके पांडेय व जेई विद्युत रीतेश पटेल मामले की छानबीन में जुट गए हैं।
बिजली विभाग के जेई ने बताया कि सूचना मिलते ही तुरंत विद्युत आपूर्ति रोक दी गई। पशु चिकित्सक ने मवेशियों की मौत करंट से झुलसने के चलते बताया है। मौके पर साथ में मौजूद वेटनरी फार्मासिस्ट राकेश कुमार व राजेंद्र प्रसाद शर्मा आदि ने जांच की। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है और ग्रामीणों के सहयोग से मवेशियों के शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है।