बलरामपुर। सदर ब्लॉक के घुघुलपुर गांव की 1.21 अरब की नवनिर्मित 220 केवी की क्षमता वाली बिजली परियोजना का शुभारंभ हो गया है। घुघुलपुर गांव से बलरामपुर व श्रावस्ती जिले के लोगों को अब बिना रुकावट बिजली सप्लाई मिलने लगेगी। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के करीब तीन लाख लोगों को नवनिर्मित बिजली परियोजना का लाभ मिलेगा। मात्र दो वर्ष में ही बिजली परियोजना का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है।
उपखंड अधिकारी पारेषण मोहम्मद शादाब खान ने शुक्रवार को बताया कि सदर ब्लॉक के घुघुलपुर गांव में सीएम ने 17 अक्तूबर 2020 को 220 केवी बिजली घर के निर्माण कराने का शिलान्यास किया था। उत्तर प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कार्पोरेशन लिमिटेड को बिजली घर का निर्माण कराने के लिए एक अरब 20 करोड़ 72 लाख रुपये की धनराशि शासन से आवंटित किया गया था।
संस्था ने 220 केवी बिजली घर जिसकी क्षमता 160 व 40 एमबीए के दो-दो परिवर्तक का निर्माण कार्य 15 जुलाई 2019 को शुरु किया। कार्यदाई संस्था ने बिजली घर का दो साल में 15 जुलाई 2021 को निर्माण कार्य पूरा करके चालू कर दिया है।
नवनिर्मित बिजली घर से तत्काल 132 केवी विद्युत उपकेंद्र बलरामपुर और 132 केवी विद्युत उपकेंद्र भिनगा-श्रावस्ती से जोड़ दिया गया है जिससे दोनों जिलों के तीन लाख लोगों को बिजली की समस्या से निजात मिल गई है।
शीघ्र ही 220 केवी विद्युत उपकेंद्र बहराइच, 400 केवी विद्युत उपकेंद्र पावर ग्रिड सोहावल, 132 केवी विद्युत उपकेंद्र इटियाथोक गोंडा और 132 केवी विद्युत उपकेंद्र तुलसीपुर से पावर ट्रांसमिशन लाइन का निर्माण कार्यू पूरा कराकर जोड़ दिया जाएगा।
परियोजना पूरी तरह से चालू होने के बाद करीब 48 लाख लोगों को गुणवत्ता में गुणात्मक सुधार होने के साथ बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने लगेगी। बिजली परियोजना के शुभारंभ अवसर पर मौजूद विद्युत परीक्षण एवं परिचालन खंड के सहायक अभियंता सत्यम कुमार, अवर अभियंता पारेषण अजीत कुमार राम, माइक्रोवेव के अवर अभियंता अब्दुल अजीज, कार्यदाई संस्था के प्रोजेक्ट मैनेजर पवन शुक्ला आदि खुशी जताते हुए कहा कि बिजली उपभोक्ताओं के लिए यह विद्युत उपकेंद्र मील का पत्थर साबित होगा।
अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल बलरामपुर ललित कुमार ने खुशी जताते हुए कहा कि इस बिजली घर से बलरामपुर व श्रावस्ती जिले के शहरी, ग्रामीण व तहसील क्षेत्र के लोगों को बेहतर बिजली मिलेगी।
33 केवी की लाइनों का शीघ्र निर्माण कराकर 33 केवी नवोदय विद्यालय, हरिहरगंज, कटरा, इकौना, सीताद्वर व लक्ष्मनपुर बाजार आदि उपकेंद्रों को जोड़ दिया जाएगा। एक्सईएन पावर कार्पोरेशन बलरामपुर सुनील कुमार और एक्सईएन भिन्गा श्रावस्ती ने भी प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि शीघ्र ही 33 केवी लाइनों का निर्माण पूरा कराकर इस बिजली घर से उपभोक्ताओं का बेहतर बिजली दी जाएगी।