गेड़ास बुजुर्ग (बलरामपुर)। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के देवलहा गांव में तपसीर अहमद के घर के बगल गेहूं के खेत में सोमवार की भोर लावारिस नवजात रोता हुआ मिला। नवजात का प्राथमिक उपचार कराकर जिला महिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।
तपसीर अहमद ने बताया कि सुबह जब वह सोकर उठे तो उन्हें गेहूं के खेत से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंचे तो वहां एक नवजात रो रहा था। ग्रामीणों को मौके पर बुलाया। छोटे भाई की पत्नी शहाबुन्निशा के मदद से उसे एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस सीएचसी गेड़ास बुजुर्ग ले गई। चाइल्ड हेल्पलाइन के कोआर्डिनेटर अमरेंद्र कुमार व सहायक वंदना कश्यप ने सीएचसी से रेफर कराकर महिला अस्पताल ले आई। अमरेंद्र कुमार ने बताया कि इलाज के बाद नवजात के स्वस्थ होने पर बाल कल्याण समिति को सौंप दिया जाएगा। एसआई राज नरायन तिवारी व चौकी इंचार्ज शमशाद अहमद ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।