बलरामपुर में रेलवे लाइन के लिए सर्वे करती टीम।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। जिले को रेलवे की तरफ से ऐतिहासिक सौगात मिलने वाली है। बहराइच से खलीलाबाद तक प्रस्तावित नई रेल लाइन का निर्माण कार्य अब तेजी पकड़ चुका है। इस परियोजना में बलरामपुर रेलवे स्टेशन का विस्तार कर उसे जंक्शन बनाया जाएगा। इससे जिले में रेल सुविधाओं का दायरा बढ़ेगा और उतरौला, श्रीदत्तगंज, कपौवा शेरपुर जैसे कस्बों को पहली बार सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने बृस्हस्पतिवार को रेलवे इंजीनियरों के साथ बैठक कर परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। रेलवे इंजीनियर विजय कुमार ने बताया कि उतरौला तहसील के 35 और सदर तहसील के 33 गांवों में ड्रोन सर्वे का सत्यापन किया जा रहा है। उतरौला में 95 प्रतिशत और सदर में 50 प्रतिशत सत्यापन कार्य पूरा हो चुका है। सत्यापन के बाद किसानों से जमीन खरीदी जाएगी। इसके लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा और बजट स्वीकृत होते ही भूमि अधिग्रहण शुरू होगा।
उतरौला, श्रीदत्तगंज, कपौवा शेरपुर में नए स्टेशन/हाॅल्ट का निर्माण होगा। इसके लिए 68 गांवों में ड्रोन सर्वे सत्यापन का 70 फीसदी से ज्यादा काम पूरा हो गया है। 40 फीट चौड़ाई में ट्रैक के लिए तथा 100 मीटर चौड़ाई में स्टेशन के लिए भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। नई रेलवे लाइन बिछने से उतरौला तहसील को आजादी के 78 साल बाद सीधी रेल सेवा मिलेगी। बैठक में एडीएम न्यायिक शिव नारायण सिंह, रेलवे विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
कई नए स्टेशन और हॉल्ट
नई रेल लाइन के तहत भगवतीगंज स्थित बलरामपुर रेलवे स्टेशन से उतरौला के लिए ट्रैक बिछाया जाएगा। झारखंडी स्टेशन को गोंडा-गोरखपुर लाइन से जोड़कर बहराइच-खलीलाबाद लाइन का हिस्सा बनाया जाएगा। सदर ब्लॉक का हसुवाडोल गांव हाॅल्ट स्टेशन बनेगा, जबकि श्रीदत्तगंज और उतरौला में स्टेशन, तथा कपौवा शेरपुर में हाॅल्ट स्टेशन बनाया जाएगा।
इतिहास बदलने वाला सफर
परियोजना पूरी होने के बाद उतरौला तहसील के लोगों को आजादी के 78 साल बाद पहली बार सीधी रेल सेवा का लाभ मिलेगा। जिले के लोग बहराइच, खलीलाबाद, गोरखपुर और गोंडा जैसे बड़े स्टेशनों से सीधे जुड़ सकेंगे। रेल पटरी बिछाने के लिए 40 फीट चौड़ाई में भूमि अधिग्रहण किया जाएगा, जबकि स्टेशन स्थल पर 100 मीटर चौड़ाई में जमीन ली जाएगी।