बलरामपुर। नगर पंचायत पचपेड़वा में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होने जा रही है। नगर पंचायत प्रशासन ने 59.11 लाख रुपये की लागत से तीन बड़े निर्माण कार्यों की कवायद शुरू कर दी है। निर्माण कार्य पूरा होने पर करीब 20 हजार लोगों को सुविधा मिलेगी।
पचपेड़वा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 04 में स्थित पुरैनिया तालाब के छठ घाट के अवशेष भाग का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य पर लगभग 37.74 लाख रुपये खर्च होंगे। साथ ही नगर के विभिन्न वार्डों में स्थित कुओं का सुंदरीकरण कराया जाएगा, जिस पर करीब 13.67 लाख रुपये की लागत आएगी। वहीं, पुरैनिया तालाब के पास स्नानागार एवं नाली का निर्माण भी प्रस्तावित है, जिस पर 11.47 लाख रुपये खर्च होंगे।
अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि नगर की खूबसूरती और साफ-सफाई को ध्यान में रखते हुए इन निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरे कराए जाएंगे। वहीं, अध्यक्ष रवि कुमार वर्मा ने कहा कि लोगों की सुविधाओं को देखते हुए नगर पंचायत लगातार प्रयासरत है। छठ घाट, स्नानागार और कुओं के सुंदरीकरण से नगर की पहचान और भी निखरेगी। (संवाद)