श्रीदत्तगंज (बलरामपुर)। स्थानीय ब्लॉक के ग्राम दारीचौरा में सदर विधायक पल्टूराम ने चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। पुलिस चौकी इंचार्ज शशिभूषण पांडेय के कार्य व्यवहार की शिकायत पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने लोगों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया।
ग्रामीण रमाशंकर उपाध्याय ने राशन कार्ड में परिवार का नाम काटे जाने की शिकायत की। पल्टूराम निषाद ने शिकायत किया कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना के तहत हमारे खाते में अभी तक पैसा नहीं आया है। राधेश्याम प्रजापति ने कहा कि वोटर आईडी कार्ड एवं आधार के लिए कई बार आवेदन किया लेकिन अभी तक कार्ड नहीं मिला है।
दयाराम ने वृद्धा पेंशन न मिलने की शिकायत की। लक्ष्मन प्रसाद ने राशन कम मिलने की बात कही। ग्रामीणों की शिकायत को ध्यान से सुनते हुए सदर विधायक ने समस्याओं के त्वरित निस्तारण का निर्देश अधिकारियों को दिया। इस अवसर पर सूरज प्रसाद, राहुल जायसवाल, विनय पांडेय व मोनू श्रीवास्तव सहित तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।