बलरामपुर। शिवपुरा बाजार में सीमेंट विक्रेता पर नकली सीमेंट बेचने का केस दर्ज कराया गया है। अल्ट्राटेक सीमेंट के चैनल रिलेशनशिप मैनेजर शिवम जोशी ने रविवार को दुकानदार के खिलाफ ललिया थाने में तहरीर दी है।
तहरीर में कहा कि ललिया थाना क्षेत्र के शिवपुरा बाजार में संजय ट्रेडिंग कंपनी के प्रोपराइटर चंद्रप्रकाश हैं। वह अपनी दुकान पर अल्ट्राटेक के लेबल वाली बोरी में नकली सीमेंट भरकर बेचते हैं। रविवार को नकली सीमेंट से भरा ट्रक इनकी दुकान के सामने खड़ा होने व 25 बोरी सीमेंट बोरी दुकान में रखने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचकर दुकानदार से सीमेंट के कागजात के बारे में पूछा तो वह टालमटोल करने लगे।
शिवम ने कहा कि ट्रक में 150 बोरी नकली सीमेंट लदी है। चालक ट्रक छोड़कर भाग गया है। उन्होंने दुकानदार चंद्रप्रकाश के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक जयहरी मिश्र ने बताया कि ट्रक कब्जे में लिया गया है। केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।