बलरामपुर। मॉडल स्कूलों को विकसित करने के उद्देश्य से स्थानीय पथिक होटल सभागार में शुक्रवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। बेसिक शिक्षा विभाग एवं नीति आयोग की सहयोगी संस्था पिरामल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में 10 बीईओ व 10 एआरपी (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) शामिल हुए। सभी बीईओ व एआरपी को मॉडल स्कूलों को विकसित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गये।
कार्यशाला में बीएसए कल्पना देवी ने कहा कि डीएम डॉ. महेंद्र कुमार के नेतृत्व में मॉडल स्कूल कार्यक्रम की शुरूआत की गई है। नीति आयोग ने बलरामपुर को आकांक्षी जनपद के रूप में चयनित किया है। जिले में परिषदीय विद्यालयों की गुणवत्ता सुधारने के लिए मॉडल स्कूल कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
बीएसए ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग व नीति आयोग की सहयोगी संस्था पिरामल फाउंडेशन द्वारा जिले में चयनित 102 मॉडल स्कूलों का समग्र विकास किया जाना है। सभी बीईओ व एआरपी अपने-अपने क्षेत्र के मॉडल स्कूलों को विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करें।
पिरामल फाउंडेशन के स्टेट रिसोर्स पर्सन सलमान खान ने मॉडल स्कूलों को विकसित करने की योजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में इसी योजना पर कार्य करते हुए मॉडल स्कूलों को विकसित कर शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाया जाएगा।