फोटो-25-बलरामपुर के सदर तहसील सभागार में शिकायत करती महिला।-संवाद
बलरामपुर। सदर तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने जनसमस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में जमीन विवाद, मारपीट, उत्पीड़न और पारिवारिक विवादों से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं।
समाधान दिवस में ललिया क्षेत्र के ग्राम मथुरा बाजार निवासी वृद्ध महिला प्राना देवी ने अधिकारियों का ध्यान खींचा। महिला ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र और बहू गीता देवी ने उनका मकान गिराकर उन्हें घर से बाहर कर दिया है। उन्हें भोजन और कपड़ा तक नहीं दिया जा रहा है तथा आए दिन गाली-गलौज और मारपीट कर मानसिक व आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ग्राम बंजारन डिहवा निवासी रोजनी ने शिकायत किया कि गांव के ही कुछ लोगों ने घर में घुसकर मारपीट की। कहा कि वह घर में अकेली थीं, तभी विपक्षी जबरन घर में घुस आए और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। थाना स्तर पर शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई और आरोपित खुलेआम धमकी दे रहे हैं। नगर निवासी मो. इस्लाम ने कहा कि उसे निजी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 30 हजार रुपये की ठगी की गई। आरोपितों ने नौकरी का झांसा देकर रुपये ले लिए, लेकिन न नौकरी दिलाई और न ही पैसा वापस किया। रुपये मांगने पर धमकी दी जा रही है। प्रेमनगर निवासी शांति देवी ने अपने ससुर और देवरानी पर मारपीट, जमीन कब्जाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। जिलाधिकारी ने सभी मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। भूमि विवाद और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों पर जिलाधिकारी ने पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने ऐसे गांवों को चिह्नित करने को कहा जहां भूमि विवाद अधिक हैं, ताकि वहां विशेष चौपाल लगाकर विवादों का निस्तारण कराया जा सके। इसी तरह उतरौला और तुलसीपुर तहसील सभागार में भी संपूर्ण समाधान का आयोजन कर शिकायतें सुनी गई। दोनों तहसीलों में करीब 89 शिकायतों की सुनवाई हुई। इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस शशांक व सीओ सिटी ज्योतिश्री आदि मौजूद रहे।