बलरामपुर। नगर पालिका परिषद में कजरी तीज पर जनसुविधा की तैयारी पूरी कर ली है। नगर से होकर निकलने वाली कावड़ यात्रा एवं गणेश प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन होने तक की रूपरेखा तैयार की है। इस दौरान स्वास्थ्य शिविर से लेकर विशेष साफ-सफाई प्याऊ स्टाॅल और विसर्जन स्थल पर लाइटिंग की व्यवस्था पालिका करेगी। कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है।
कांवड़ यात्रा एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन के दिन नगर में सभी मीट की दुकान बंद करने का भी निर्देश दिया है। बुधवार की देर शाम नगर पालिका परिषद बलरामपुर के सभागार में अधिकारियों के साथ पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बैठक कर रणनीति तैयार की। उन्होंने ईओ राजमणि वर्मा को व्यवस्था बेहतर करने का निर्देश दिया। कांवड़ यात्रा को देखते हुए नहर बालागंज पेट्रोल पंप के पास पालिका स्वास्थ्य शिविर लगेगा।
स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर इमरजेंसी दवा के साथ मौजूद रहेंगे। कजरी तीज व गणेश प्रतिमा स्थापना दिवस के दिन नगर स्थित सभी शिव मंदिरों कांवड़ यात्रा, जुलूस एवं गणेश प्रतिमा पंडाल के आसपास विशेष साफ-सफाई एवं चूने का छिड़काव दोनों पालियों में होगा। गणेश प्रतिमा स्थापना दिवस से पूर्व सभी पंडालों, मंदिरों एवं मुख्य मार्गों की स्ट्रीट लाइट ठीक करने को कहा। अध्यक्ष ने कहा कि 18 को कजरी तीज के दिन कावड़ यात्रा एवं 25 सितंबर को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दिन सभी सुविधाएं लोगों को मिलेंगी।