बलरामपुर। चेहल्लुम के अवसर पर मंगलवार को जिलेभर में गम और अकीदत का माहौल रहा। बलरामपुर नगर, उतरौला, अमया देवरिया, रेहरा माफी, श्रीदत्तगंज समेत विभिन्न क्षेत्रों में ताजिए रखे गए तथा मातमी जुलूस निकाले गए। अकीदतमंदों ने हजरत इमाम हुसैन और शहीदाने कर्बला की याद में फातिहा पढ़कर मुल्क में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी। जुलूस मार्गों पर जगह-जगह शर्बत, चाय, फल और लंगर की व्यवस्था की गई। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
चेहल्लुम की नौवीं तारीख पर सोमवार रात नगर के पुरैनिया तालाब, नगर पालिका क्षेत्र, नई बस्ती, झंझरा, बड़ा पुल, नौशहरा, बलुहा और गदूरहवा सहित विभिन्न मोहल्लों में फातिहा के बाद ताजिए, आलम, जुल्फिकार और रौजे रखे गए। जिला महिला अस्पताल के पास अब्दुल खालिक की ओर से रखा गया करीब 30 फीट ऊंचा नक्काशीदार ताजिया तथा नगर पालिका के समीप कुवैत और इंडोनेशिया की मस्जिदों की तर्ज पर तैयार रौजा आकर्षण का केंद्र रहा। इस अवसर पर अब्दुल खालिक और आसिफ की ओर से लंगर का आयोजन किया गया।
शिया समुदाय ने निकाला मातमी जुलूस
बलरामपुर के सिटी पैलेस स्थित बड़े इमामबाड़े से शिया समुदाय का मातमी जुलूस निकाला गया। या हुसैन की सदाओं और नौहाख्वानी के बीच अज़ादारों ने मातम कर शहीदाने कर्बला को श्रद्धांजलि अर्पित की। जुलूस बड़ा पुल, टेढ़ी बाजार, गर्ल्स कॉलेज चौराहा, गोविंदबाग, पानी टंकी, मजीद मोड़, गुड़ मंडी, पुरानी चौक और मेजर चौराहा होते हुए पुनः इमामबाड़े पहुंचकर संपन्न हुआ। जुलूस में हुसैनी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष जगराम हैदर, शम्सी, जमाल, जफर मेहदी, शाद, मकसूद, आबिद और सैय्यद हैदर अब्बास सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल रहे।
उतरौला व ग्रामीण क्षेत्रों में भी निकला जुलूस
उतरौला के मोहल्ला सुभाष नगर स्थित मरहूम हाजी तुल्लन हुसैन के इमामबाड़े से चेहल्लुम का मातमी जुलूस निकाला गया। काले लिबास और नंगे पांव अज़ादारों ने नौहाख्वानी, सीना-जनी, कमा तथा जंजीर का मातम किया। अहले सुन्नत का जुलूस भी आलम और ताजियों के साथ इसमें शामिल हुआ। जुलूस बड़ी मस्जिद, ज्वाला महारानी मंदिर और गोंडा मोड़ होते हुए कर्बला पहुंचा, जहां ताजियों को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
इसी प्रकार अमया देवरिया में दरगाह हजरत अब्बास अलमदार से निकले जुलूस में डाक बंगले पर विशेष मातम और नौहाख्वानी की गई। मौलाना जायर अब्बास ने चेहल्लुम के महत्व पर प्रकाश डाला। रेहरा माफी में भी गमगीन माहौल में मातमी जुलूस निकाला गया।
तकिया गांव में लगा चेहल्लुम का मेला
श्रीदत्तगंज ब्लॉक के तकिया गांव में चेहल्लुम के अवसर पर पारंपरिक मेले का आयोजन किया गया। सोमवार रात पूरे एहतराम के साथ ताजिया रखा गया। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे अकीदतमंदों ने फातिहा पढ़कर शहीदाने कर्बला को याद किया और देश में अमन-चैन की दुआ मांगी। मेले में बच्चों, महिलाओं और युवाओं की अच्छी-खासी भीड़ उमड़ी। खिलौने, मिठाई, श्रृंगार सामग्री, घरेलू सामान तथा खानपान की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की।
फोटो-23-बलरामपुर के उतरौला में निकाली गई जुलूस में शामिल अकीदतमंद ।-संवाद
फोटो-23-बलरामपुर के उतरौला में निकाली गई जुलूस में शामिल अकीदतमंद ।-संवाद
फोटो-23-बलरामपुर के उतरौला में निकाली गई जुलूस में शामिल अकीदतमंद ।-संवाद