बलरामपुर। उदयराजपुरवा गांव के पास सोमवार को कार की टक्कर से बाइक सवार जय प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वह नगर के मेवालाल तालाब के निवासी हैं। जय प्रकाश बाइक से श्रावस्ती की तरफ से लौट रहे थे। इसी दौरान बलरामपुर से बहराइच की तरफ जा रही कार ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही उनकी बाइक से टकरा गई।
हेलमेट पहनने के बावजूद जय प्रकाश के सिर और पैर में गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद कार सवार मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बहराइच रेफर कर दिया। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।