गैसड़ी/बलरामपुर। नेपाल के पहाड़ों पर हो रही भारी बारिश से पचपेड़वा-इमिलिया कोडर व सेमरहवा गांव के पास छिवली पहाड़ी नाले में मंगलवार की शाम करीब चार बजे अचानक उफान आ गया। पहाड़ी नाले में बाढ़ आने से 20 से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया है। नाला पार करने के लिए नाव का सहारा भी नहीं है।
प्रधान प्रतिनिधि सुनील कुमार चौधरी, अशोक कुमार, शिकारी चौधरी, प्रधान प्रेमलाल यादव, मंगल प्रसाद थारू, राजेश कुमार व शिव कुमार आदि ने बताया कि छिवली पहाड़ी नाले में बाढ़ आने से थारू बहुल गांवों का आवागमन बाधित हो गया है। ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
नेपाल में लगातार हो रही बारिश का पानी छिवली पहाड़ी नाले में भर गया, जिससे ग्राम मड़नी, गोड़नी, सड़नी, बड़का भुकुर्वा, कंचनपुर, पर्वतिया सहित 20 से अधिक गांवों का आवागमन ठप हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी नाले का पानी घटने में दाे से तीन लगता है। छिवली नाले में उफान आने से ग्रामीणों का मुख्य बाजार से संपर्क टूट गया है, जिससे उन्हें रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं, दवा और खाद्यान्न की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। मरीजों को परेशानी हो रही है। इन लोगों ने शासन-प्रशासन से अस्थायी पुल या नाव की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों का आवागमन बहाल हो सके।
राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को दिए गए निर्देश
पचपेड़वा ब्लॉक के सेमरहवा गांव के पास छिवली पहाड़ी नाले में बाढ़ आने की सूचना मिली है। गांव में राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-राकेश कुमार जयंत, एसडीएम तुलसीपुर