बलरामपुर। बीएसएनएल की मोबाइल व ब्राडबैंड सेवाएं गुरुवार की भोर से ध्वस्त हो गई। इससे 10 लाख उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सरकारी व निजी संस्थानों में सभी कार्य ठप रहे। डिजिटल लेनदेन में भी लोगों को परेशानियां हो रही हैं। उपभोक्ताओं ने डीएम से समस्या का निराकरण कराने की मांग की है।
बीएसएनएल की मोबाइल व ब्रॉडबैंड सेवा के उपभोक्ता शरीफ, राजू, रमन, अमित, सर्वेश, राकेश, जितेंद्र, शरद व अजय आदि ने डीएम को दिए गए शिकायती पत्र में कहा है कि गुरुवार की सुबह से गायब हुआ नेटवर्क देर शाम तक चालू नहीं हो सका है। दिन भर ब्रॉडबैंड व मोबाइल की सेवाएं ठप रहने से काफी नुकसान हुआ है।
मोबाइल सेवा बाधित होने से जहां एक दूसरे से संपर्क नहीं हो पाया वहीं ब्रॉडबैंड सेवा बाधित होने से सरकारी दफ्तरों में भी कार्य नहीं हो सका। जिले के करीब 10 लाख बीएसएनएल उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन लोगों ने डीएम से समस्या निराकरण कराने की मांग की है। डीएम श्रुति ने बीएसएनएल के अफसरों व कर्मियों को मोबाइल व ब्रॉडबैंड की सेवाओं में तत्काल सुधार कराने का निर्देश दिया है। बीएसएनएल के कर्मचारियों ने बताया कि ओएफसी रिंग डैमेज होने के चलते समस्या पैदा हुई है। समस्या का निराकरण कराने का प्रयास किया जा रहा है।