बलरामपुर। सदर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बरईपुर में मनरेगा मजदूरों के पारिश्रमिक का भुगतान नहीं हो सका है। पारिश्रमिक न मिलने से मनरेगा मजदूरों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बैंकों के मर्ज होने के कारण कई विकास कार्यों में खर्च होने वाले पैसे का भुगतान भी नहीं हो पा रहा है। पैसा न मिलने के कारण श्रमिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मनरेगा मजदूर रामचंद्र सोनकर, कल्लू, कृष्ण कुमार, बमभोले, वंदना गौतम, रामराज, राज कुमार, कमला तिवारी, मंगल सोनकर व अजीज आदि ने बताया कि मनरेगा के तहत उन्होंने गांव में काम किया है।
एक माह से अधिक का समय बीत गया है लेकिन पारिश्रमिक का भुगतान नहीं किया गया है। पैसा न मिलने के कारण काफी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। होली का त्योहार भी आने वाला है ऐसे में पारिश्रमिक न मिलने से होली भी फीकी पड़ सकती है।
निवर्तमान ग्राम प्रधान गुड़िया देवी ने बताया कि बैंकों के मर्ज हो जाने के कारण विकास कार्यों के पैसे का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इन लोगों ने जिलाधिकारी से भुगतान कराए जाने की मांग की है।