बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय के खेल मैदान छोटा परेड ग्राउंड पर चल रहे अंतर महाविद्यालयीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मैच जीतकर एमएलके महाविद्यालय की टीम विजेता बनी। टूर्नामेंट में सिद्धार्थ विश्वविद्यालय सिद्धार्थनगर से संबद्ध छह महाविद्यालयों की टीम शामिल हुई।
फाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक पल्टूराम एवं महाविद्यालय के पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. माधवराज द्विवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके कराया। फाइनल मैच एमएलके महाविद्यालय बलरामपुर एवं एचआर पीजी कॉलेज खलीलाबाद के बीच खेला गया। छह रनों से फाइनल मैच जीतकर एमएलके महाविद्यालय की टीम टूर्नामेंट की विजेता बनी। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि हारने वाली टीम को निराश होने के बजाए अपने खेल में निरंतर आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।
हारने के बाद जीतने का संकल्प भी मनुष्य को सफलता दिलाती है। इससे पूर्व महाविद्यालय के क्रीड़ाध्यक्ष डॉ. राजीव रंजन ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों को माला पहनाकर एवं बैज लगाकर स्वागत किया। मौके पर डॉ. प्रखर त्रिपाठी, डॉ. आशीष कुमार लाल, डॉ. सुनील मिश्रा, डॉ. राम रहीश, डॉ. आलोक शुक्ला, भावना सिंह एवं श्री नरायन सहित महाविद्यालय के तमाम शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।