बलरामपुर। ललिया थाना क्षेत्र में गौरिया पहाड़ी नाले में अवैध खनन की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देख खनन माफिया ने फायरिंग कर दी। इससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और जवाब में फायरिंग शुरू कर दी। इस पर खनन माफिया बाइक और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मौके पर छोड़कर भाग गए। मामले में उपनिरीक्षक की तहरीर पर ललिया थाने में पांच खनन माफिया के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
ललिया थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने मंगलवार को बताया कि बीट दरोगा परमानंद चौहान, कांस्टेबिल शुभम व ओपी यादव सोमवार रात लालपुर चौराहा मार्ग पर गश्त कर रहे थे। गौरिया पहाड़ी नाले में अवैध बालू खनन होते देख पुलिस टीम वहां पहुंच गई। मौके पर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियाें पर बालू लादी जा रही थी। पुलिस टीम के पहुंचते ही खनन माफिया भयपुरवा निवासी मानवेंद्र सिंह ने तमंचे से गोली चला दी।
इससे पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और जवाब में पुलिस टीम ने भी माफियाओं पर पांच राउंड फायरिंग की। बीट दरोगा परमानंद चौहान ने थानाध्यक्ष को फोन पर घटना की सूचना दी। इस पर थानाध्यक्ष ने सीओ सदर प्रेम कुमार थापा को घटना की जानकारी दी। इस पर सीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। मौके पर छूटी खनन माफिया की बिना नंबर की एक बाइक, बालू लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां को जब्त किया गया है।
सीओ ने बताया कि रात के अंधेरे का फायदा उठाकर खनन माफिया एक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भाग गए हैं। मामले में उपनिरीक्षक परमानंद चौहान की तहरीर पर भयपुरवा निवासी मानवेंद्र सिंह, गुड्डू सिंह, नान बाबू सिंह, बबलू सिंह व रिंकू सिंह के खिलाफ जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा व एमवी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।