बलरामपुर। बाहर से आने वाले प्रवासियों के सेहत की जांच कराई जाएगी। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में बने समितियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच करने के बाद प्रवासियों का टीकाकरण कराया जाएगा। कोरोना संक्रमण के बढ़ते रफ्तार पर काबू पाने के लिए प्रशासन की तरफ से यह निर्णय लिया गया है। नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में कार्य करने वाले निगरानी समितियों को डीएम श्रुति ने निर्देश दिया है।
डीएम ने सोमवार को बताया कि जिले के चारों नगर निकायों व सभी 800 ग्राम पंचायतों में निगरानी समितियों को गैर राज्यों व जिलों से आने वाले प्रवासियों के सेहत की जांच कराएंगी।
निगरानी समितियों में शामिल आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा, ग्राम पंचायत सचिवों, बीट आरक्षियों, लेखपालों, हेडमास्टरों, कोटेदारों, सफाई कर्मचारियों व नगर पालिका क्षेत्र के कर्मचारियों व सफाई कर्मियों को नजर रखने का जिम्मा सौंपा गया है।
सभी समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्व कर लोगों को कोविड वैक्सीनेशन कराने के प्रति जागरुक करेंगे। टीकाकरण के लिए सभी अर्ह व्यक्तियों का रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर कराएंगी।
सर्वे के दौरान किसी व्यक्ति में कोरोना संक्रमण का लक्षण पाया जाता है तो उसकी सूचना तत्काल पीएचसी, सीएचसी व आरआर टीम को उपलब्ध कराएंगे। कोरोना मरीज के घर के आसपास सैनिटाइजेशन समितियों के माध्यम से जिम्मेदार अधिकारियों को कराने का निर्देश दिया गया है।
कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी के साथ-साथ पड़ोसियों पर भी नजर रखी जाएगी। बाहर से आने वाले सभी प्रवासियों में सर्दी, जुकाम, बुखार व सांस लेने की दिक्कत होने पर निगरानी समितियां तत्काल अस्पताल में भर्ती कराएंगी।
निगरानी समितियां रैपिड रिस्पांस टीम के नियमित संपर्क में रहेंगी जिससे दवा के पैकेट आदि का वितरण समय पर कराया जा सके। डीएम ने सीएमओ के साथ तीनों तहसीलों के एसडीएम, सीओ, बीडीओ, डीपीओ, बीएसए, जिला पूर्ति अधिकारी व डीपीआरओ और चारों नगर निकायों के ईओ को निगरानी समितियों का सहयोग करने का निर्देश दिया है।