फोटो-1-बलरामपुर के कलेक्ट्रेट परिसर में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिया जा रहा प्रशिक्षण।-संव?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के कंधों पर विधानसभा चुनाव के व्यवस्था की जिम्मेदारी रहेगी। मतदान के दिन सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को निष्ठा व ईमानदारी के साथ ड्यूटी करनी होगी। ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को सुरक्षा की जिम्मेदारी के साथ टेंडर, चैलेंज, पोस्टल बैलेट व प्राक्सी वोटरों के मतों, 17 का रजिस्टर व विभिन्न प्रपत्रों के निस्तारण और ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के संचालन की जानकारी जुटाने की जिम्मेदारी रहेगी।
डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी श्रुति ने कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार से शुरू होने वाले दो दिवसीय जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों के प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए कही। सीडीओ/नोडल अधिकारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण रिया केजरीवाल के पर्यवेक्षण में जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दो दिवसीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। दो-दो पालियों में होने वाले प्रशिक्षण के दौरान विधानसभावार ड्यूटी करने वाले सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षित किया जाएगा। पहले दिन के प्रथम पाली में दो जोनल व 33 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षित किया गया।
तुलसीपुर एसडीएम मंगलेश दूबे, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर बाल विकास परियोजना अधिकारी सत्येंद्र सिंह, सहायक आयुक्त व सहायक निबंधक सहकारिता अमरेश मणि तिवारी और जिला समन्वयक प्रशिक्षण मोहित देव त्रिपाठी ने प्रथम पाली के सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षित किया। प्रथम पाली में 291-विधानसभा तुलसीपुर के सभी जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम और वीवीपैट मशीनों को संचालित कराने और अन्य तकनीकी जानकारी दी गई। दूसरी पाली में 292-गैसड़ी विधानसभा के दो जोनल व 33 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को पीडी अनिल कुमार सिंह, अपर डीएसटीओ रंजीत कुमार व सहायक अभियंता लघु सिंचाई इंजीनियर अनिरुद्ध यादव ने ईवीएम व वीवीपैट मशीनों के संचालन की जानकारी दी। 293-उतरौला विधानसभा के दो जोनल व 33 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को 19 फरवरी को कलेक्ट्रेट सभागार में डीडीओ गिरीश कुमार पाठक, मत्स्य निरीक्षक रमन चौधरी व जिला कृषि अधिकारी आरपी राना प्रशिक्षण देंगे।
दूसरी पाली में सदर विधानसभा के दो जोनल व 33 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को बीएसए डॉ. रामचंद्र, अपर डीएसटीओ दिनेश यादव व अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी संतोष यादव प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण से नदारद रहने पर संबंधित जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट के खिलाफ डीएम ने कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। दोनों पालियों में बेसिक के शिक्षक एसआरजी व तकनीकी सहायक महमूद उल हक ने तकनीकी जानकारी दी।