1टो-1-बलरामपुर के राजकीय पौधशाला में लगे आम, केला व अन्य प्रजाति के पौधे।(संवाद)
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। उद्यान विभाग की योजनाओं पर 50 प्रतिशत अनुदान का लाभ लेने के लिए किसानों को बागवानी करनी होगी। जिला उद्यान अधिकारी लाल बहादुर मौर्य ने आम, केला व पपीते की खेती के लिए किसानों से अनुदान लेने की अपील की है। योजनाओं में अनुदान पाने के लिए 25 अगस्त तक आधार, खतौनी, बैंक पासबुक के साथ जन सेवा केंद्र से पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।
जिला उद्यान अधिकारी ने बीते दिन बताया कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना में परंपरागत ढंग से 100 वर्ग मीटर की दूरी पर आम की बागवानी करने के लिए जिले को 100 हेक्टेयर क्षेत्रफल का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। जिस पर किसानों को प्रति हेक्टेयर 12,750 रुपये का अनुदान 50 प्रतिशत के साथ दिया जाएगा। 25 वर्ग मीटर की दूरी पर आम के पौधे रोपित करने के लिए 30 हेक्टेयर का लक्ष्य दिया गया है, जिस पर प्रति हेक्टेयर 19,170 रुपये का अनुदान 50 प्रतिशत के साथ किसानों को मिलेगा। राजकीय पौधशाला तिलकपुर में आम की बागवानी के लिए दशहरी के पांच हजार, चौसा प्रजाति के 1500 व लंगड़ा प्रजाति के 1000 पौधे उपलब्ध हैं।
किसानों को 39 रुपये प्रति पौधे की दर से नकद मूल्य पर दिया जाएगा। आम की बागवानी करने वाले किसान आधार, खतौनी व बैंक पासबुक के साथ पौधों की खरीदारी करें और रसीद विकास भवन स्थित जिला उद्यान कार्यालय में जमा करें दें, जिस पर 50 प्रतिशत का अनुदान दिया जाएगा। अमरुद की बागवानी के लिए जिले में पांच हेक्टेयर का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिस पर प्रति हेक्टेयर 18,170 रुपये का 50 प्रतिशत के साथ अनुदान दिया जाएगा।
अमरूद के पौधे राजकीय पौधशाला में 29 रुपये की दर से खरीदे जा सकते हैं। केले की प्रति हेक्टेयर खेती पर 40,985 रुपये और पपीते की प्रति हेक्टेयर खेती पर 30,828 रुपये का अनुदान विभाग की तरफ से दिया जाएगा। किसी भी योजना में अनुदान पाने के लिए 25 अगस्त तक आधार, खतौनी, बैंक पासबुक के साथ जन सेवा केंद्र से पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।