बलरामपुर। परिषदीय स्कूलों में नए सत्र से शैक्षिक सत्र में फिर से मीना मंच का गठन होगा। इसके जरिए छात्राओं के बीच विभिन्न प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी और इससे उनके अंदर छिपी प्रतिभा को निखारा जा सकेगा। इस मंच के माध्यम से छात्राओं को अपनी बात रखने का मौका भी मिलेगा।
छह अप्रैल से जिले के 365 जूनियर हाईस्कूलों व 11 कस्तूरबा गांधी स्कूलों में मीना मंच का गठन करने के लिए तैयारियां शुरू होगी। इसके तहत कक्षा छह से आठ की छह छात्राओं की समिति गठित कर मीना मंच तैयार होगा, जिसकी पदेन अधिकारी भी स्कूल की छात्राएं ही होंगी। छात्राओं को स्कूल की अन्य छात्राओं की उपस्थिति बढ़वाने की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। समिति की छात्राएं स्कूल की अन्य छात्राओं में आत्मविश्वास की भावना लाने के साथ ही उनकी समस्याओं का समाधान भी कराएंगी। बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि मीना एक काल्पनिक पात्र है, जिसे काफी उत्साही, उमंगों से भरी हुई, सहानुभूति और सहायता का प्रतीक माना गया है।