कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने दिया निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम पवन अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए डीएम ने रात में भी स्वास्थ्य केंद्राें पर मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टॉफ को उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
डीएम ने जिले में संचालित जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव, नियमित टीकाकरण, आयुष्मान भारत, स्टॉप डायरिया अभियान, क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम, 102 व 108 एम्बुलेंस के पहुंच की स्थिति, राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम की गहनता से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जिले में गैर पंजीकृत नर्सिंगहोम किसी भी दशा में संचालित न हों। उन्होंने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराते हुए बेड ऑक्युपेंसी बढ़ाए जाने एवं रात्रि में स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सक एवं नर्सिंग स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया।
राष्ट्रीय अंधता कार्यक्रम के अंतर्गत सभी विद्यालयों में रोस्टर वाइज छात्र-छात्रों का नेत्र परीक्षण किए जाने एवं रिपोर्ट के आधार पर निशुल्क चश्मा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजीव कुमार मौर्य व सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक मौजूद रहे।