फोटो-16-बलरामपुर के सादुल्लाहनगर में साड़ी खरीदती महिलाएं ।-संवाद
सादुल्लाहनगर। कजरी तीज पर्व को लेकर क्षेत्र के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। 14 सितंबर को मनाए जाने वाले पर्व को लेकर सुहागिन महिलाएं व्रत और भगवान शिव व माता पार्वती की पूजा की तैयारियों में जुटी हैं। बाजारों में लाल-पीली साड़ियों, शृंगार और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारी बढ़ने लगी है। वहीं, शिव मंदिरों में जलाभिषेक को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह है।
पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने साड़ियों, शृंगार सामग्री और पूजन सामग्री से दुकानें सजा ली हैं। कांवड़ यात्रा को लेकर भगवा वस्त्रों की दुकानों पर भी खरीदार पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु सिद्धेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक की तैयारियों में जुटे हैं। बाजार में शृंगार सामग्री की थाली 150 से 200 रुपये तक में उपलब्ध है। वहीं, कांवड़ यात्रा के लिए अलग-अलग साइज की टी-शर्ट 100 से 350 रुपये तक में बिक रही हैं। पर्व नजदीक आने के साथ इनकी बिक्री भी बढ़ रही है।
साड़ी विक्रेता अवधेश कुमार गुप्ता ने बताया कि कजरी तीज पर महिलाएं व्रत रखकर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं। पूजा के दौरान नए वस्त्र पहनने के साथ माता पार्वती को भी वस्त्र अर्पित किए जाते हैं। इसी वजह से लाल और पीली साड़ियों की मांग बढ़ी है। उनके प्रतिष्ठान पर 200 से 5,000 रुपये तक की साड़ियां उपलब्ध हैं। इनमें बनारसी सिल्क और कॉटन सिल्क की साड़ियों को महिलाएं अधिक पसंद कर रही हैं।
पर्व को देखते हुए अगले एक-दो दिनों में बाजार में खरीदारी और बढ़ने की उम्मीद है। कजरी तीज को लेकर क्षेत्र के शिव मंदिरों में साफ-सफाई और पूजा की तैयारियां भी की जा रही हैं। श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए आवश्यक पूजन सामग्री जुटाने में लगे हैं।