बलरामपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत बालपुर के जोरावरपुर गांव के पास नहर में नहाते समय गहरे पानी में चले जाने से एक युवक की डूबकर मौत हो गई। युवक के शव को नहर से बाहर निकाला गया और पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक देहात कोतवाली आरएस यादव ने सोमवार को बताया कि खमौवा निवासी आकाश (25) पुत्र कमरुद्दीन अपने मामा के लड़के इमरान के साथ बालपुर ग्राम पंचायत के जोरावरपुर मजरे के नहर में नहाने गया था। नहाते समय आकाश गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
इमरान ने मामले की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस की मौजूदगी में गोताखोरों की मदद से आकाश के शव को दूसरे दिन नहर से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मामले की छानबीन कराई जा रही है।