बलरामपुर। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए डीएम श्रुति व एसपी हेमंत कुटियाल ने धर्मगुरुओं से लोगों को प्रेरित करने की सलाह दी है। कोतवाली व थानों में बैठक कर धर्मगुरुओं से चैत्र नवरात्र व रमजान मनाने के संबंध में सलाह लेकर नियमों का पालन कराने की बात कही गई है। अधिकारियों ने कहा कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के लिए धर्मगुरु लोगों को जागरूक करें।
एएसपी अरविंद मिश्र ने नगर कोतवाली में मुस्लिम धर्मगुरुओं के साथ बुधवार को बैठक की। बैठक में चैत्र नवरात्र व रमजान को लेकर धर्मगुरुओं के साथ चर्चा की गई। प्रदेश सरकार की तरफ से चलाए गए टीका उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और टीकाकरण के संबंध में अनावश्यक रूप से फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने के लिए धर्मगुरुओं से मदद की अपील की गई। धर्मगुरुओं से कहा गया कि कोरोना महामारी के दृष्टिगत आसपास के लोगों को जागरूक करें। इस अवसर पर सदर एसडीएम अरुण कुमार गौड़, सीओ वरुण मिश्र आदि मौजूद रहे।
प्रभारी निरीक्षक ललिया थाना की तरफ से चैत्र नवरात्र, आंबेडकर जयंती व रमजान को लेकर बैठक की गई। कोतवाली देहात में पीस कमेटी की बैठक प्रभारी विद्यासागर वर्मा की अध्यक्षता में की गई। बैठक में चैत्र नवरात्र व रमजान को सकुशल तरीके से कराने पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान सरकार की तरफ से जारी गाइड लाइन का पालन कराने के बारे में भी चर्चा की गई।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में निष्पक्ष तरीके से मतदान प्रक्रिया पूरी कराने के संबंध में किया गया। धारा-144 का पालन कराने पर बल दिया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ एसआई जितेंद्र कुमार सिंह, एसआई धर्म प्रकाश सिंह, सुनील कुमार पाल, अनिल कुमार व उपेंद्र कुमार सहित संभ्रांत व्यक्ति व धर्मगुरु मौजूद रहे। इसी तरह से थाना रेहरा बाजार, सादुल्लाहनगर, कोतवाली उतरौला, गैसड़ी, जरवा, थाना हरैया, गौरा चौराहा व पचपेड़वा में भी पीस कमेटी की बैठक कर कोरोना प्रोटोकॉल का पालन कराने के संबंध में चर्चा की गई।