बलरामपुर। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से 26 फरवरी को आयोजित होने वाले शिविर में महादानियों को रक्तदान करने का मौका मिलेगा। एमएलके पीजी कॉलेज में सेहत की जांच व रक्तदान और संयुक्त जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर प्रात: 10 बजे से लगाए जाएंगे। दोपहर एक बजे तक चलने वाले एक दिवसीय शिविर में चिकित्सकों की तरफ से विद्यार्थियों की सेहत की जांच की जाएगी।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने मंगलवार को बताया कि रक्तदान कर दूसरों को जीवनदान देने वाले महादानी कहलाते हैं। ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ की ओर से सामाजिक सरोकार के तहत एमएलके पीजी कॉलेज के प्रांगण में 26 फरवरी को रक्तदान व चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर स्थित ब्लड बैंक में एसपी देवरंजन वर्मा रक्तदान शिविर का शुभारंभ करेंगे।
एसपी ने ‘अमर उजाला फाउंडेशन’ के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रयास से जरूरतमंदों को नया जीवन मिल सकेगा। सीएमओ ने बताया कि चिकित्सा व रक्तदान शिविर की जिम्मेदारी मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ को सौंपी गई है।
जिला मेमोरियल अस्पताल के चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार, सर्जन डॉ. रवि लाल, पीएचसी बलरामपुर की डॉ. रेनू सिंह, फार्मासिस्ट रामकुमार तिवारी व पीएचसी सिसई के कर्मचारी पवन कुमार को जिम्मेदारी दी गई है। ब्लड कलेक्शन टीम में संयुक्त जिला चिकित्सालय के पैथालॉजिस्ट डॉ. एपी मिश्र व एलटी सीपी श्रीवास्तव को शामिल किया गया है।