उतरौला। पहचान छिपाकर महिला को प्रेमजाल में फंसाने, फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और वर्षों तक शोषण करने के मामले में नया मोड़ आया है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोपी पर अपनी असली पहचान छिपाने, बंधक बनाकर रखने, जबरन धर्म परिवर्तन कराने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का दावा है कि आरोपी ने धमकाते समय खुद को छांगुर बाबा के गैंग में काम करने वाला बताया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को पीड़िता का मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान भी दर्ज कराया गया। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अंबेडकरनगर के टांडा क्षेत्र की रहने वाली महिला के मुताबिक, करीब 10-12 वर्ष पहले वह अपनी मौसी के घर उतरौला आई थी। कुछ समय बाद उसने उतरौला के एक निजी अस्पताल में नौकरी शुरू कर दी। इसी दौरान अस्पताल में एंबुलेंस चलाने वाले एक युवक से उसकी मुलाकात हुई। आरोप है कि युवक ने अपना नाम राजू बताकर अपनी असली पहचान छिपाई और महिला से नजदीकियां बढ़ाईं। पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार शारीरिक संबंध बनाए और इस दौरान फोटो व वीडियो भी बना लिए। बाद में इन्हें वायरल करने की धमकी देकर उसका लगातार शोषण किया गया। आरोप है कि आरोपी उसे पहले पुणे और फिर बेंगलुरु ले गया। बाद में उतरौला के पास हुसैनाबाद बाजार में किराये के कमरे में बंधक बनाकर रखा। इसी दौरान महिला से दो बेटियां हुईं।
बच्चे होने के बाद बताई अपनी असली पहचान
पीड़िता ने तहरीर में आरोप लगाया है कि काफी समय बाद आरोपी ने बताया कि उसका नाम राजू नहीं, बल्कि ऐजाज खान है और वह मुस्लिम है। इसके बाद कथित तौर पर उसका जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया। महिला का आरोप है कि आधार कार्ड में भी उसका नाम बदलवा दिया गया। पीड़िता के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाते हुए खुद को छांगुर बाबा के गैंग में काम करने वाला बताया। आरोप है कि आरोपी ने मुंह खोलने या किसी को जानकारी देने पर उसे दोनों बच्चियों समेत जान से मारने की धमकी दी। महिला ने तहरीर में अपनी और दोनों बेटियों की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।
छांगुर के नाम का इस्तेमाल क्यों, जांच में खुलेगा राज
पीड़िता की शिकायत में छांगुर बाबा के गैंग से जुड़े होने का आरोप सामने आने के बाद पुलिस के लिए इस पहलू की जांच भी अहम हो गई है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जिस समय महिला आरोपी के संपर्क में आई थी, उस समय छांगुर सक्रिय नहीं था। महिला ने तहरीर में यह भी आरोप लगाया है कि एक रात आरोपी गाय का मांस लेकर आया और उसे जबरन खिलाने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद मौका पाकर वह दोनों बेटियों को लेकर वहां से निकल गई और अपनी सहेली के घर पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी को उसके ठिकाने की जानकारी हो गई और वह लगातार धमकाता रहा। प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।