बलरामपुर। जिला मुख्यालय पर दिन-प्रतिदिन बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के ग्राफ पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी कृष्णा करूणेश के निर्देश पर सदर एसडीएम ने 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। हालांकि उतरौला व तुलसीपुर तहसील क्षेत्र को इस लॉकडाउन से बाहर किया गया है। लॉकडाउन के दौरान जिला मुख्यालय के सभी दुकान बंद रहेंगी। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति होम डिलेवरी के माध्यम से की जाएगी। लॉकडाउन के दौरान सभी सरकारी व प्राइवेट कार्यालय को बंद करने का आदेश दिया गया है।
उपजिलाधिकारी डा. नागेन्द्र नाथ यादव ने बताया कि विगत 10 जुलाई से 24 जुलाई तक जिला मुख्यालय पर 10 हॉटस्पॉट बन चुके हैं जिसमें मोहल्ला गोविंद बाग, निरीक्षण भवन लोक निर्माण विभाग, नई बस्ती, सिविल कोर्ट परिसर, पहलवारा आदि शामिल हैं। इन हॉट स्पॉट को जोड़ दिया जाए तो लगभग पूरा नगर क्षेत्र हॉट स्पॉट एरिया में आ जाता है। सीएमओ डा. घनश्याम सिंह के अनुरोध एवं कोरोना वायरस के बढ़ते ग्राफ पर अंकुश लगाने के लिए मेवालाल पुलिस चौकी से देहात कोतवाली तथा पुलिस अधीक्षक आवास तक कंटेनमेंट क्षेत्र घोषित किया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग को इसमें शामिल नहीं किया गया है। कंटेनमेंट जोन में सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश वर्जित किया गया है। आवश्यक वस्तुओं की डोर-टू-डोर होम डिलिवरी की व्यवस्था की गई है।
कंटेनमेंट जोन में आने वाले सभी सरकारी व प्राइवेट कार्यालय बंद रहेंगे। निजी अस्पताल एवं क्लीनिक भी बंद रहेंगे। धार्मिक स्थल जन सामान्य के लिए बंद कर दिए गए हैं। जुलूूस, सभाएं व किसी भी प्रकार के समारोह प्रतिबंधित हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम कांटेनमेंट क्षेत्र में कांटेक्ट लिस्टिंग व डोर-टू-डोर सर्वे का कार्य कोविड-19 के प्रोटोकॉल द्वारा निर्धारित कार्यों को करेंगी। नगर पालिका परिषद कांटेनमेंट क्षेत्र में स्वच्छता, सफाई, सैनेटाइजेशन व बैरीकेडिंग कार्य सुनिश्चित करेंगी। हॉट-स्पॉट/कंटेनमेंट जोन के लिए मजिस्ट्रेट के रूप में तहसीलदार शेख आलमगीर व नायब तहसीलदार अंकुर यादव तथा संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष की तैनाती की गई है।
वीकेंड लॉकडाउन में पसरा रहा सन्नाटा
वीकेंड लॉकडाउन के पहले दिन पूरे जनपद में सन्नाटा पसरा रहा। नगर पालिका परिषद बलरामपुर व उतरौला तथा नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा में विशेष साफ सफाई अभियान के साथ सैनिटाइज कराया गया। इसी तरह से जिले के सभी ग्राम पंचायतों में लगातार संचारी रोग नियंत्रण अभियान के साथ कोविड-19 महामारी पर अंकुश लगाने के लिए स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। सड़क व नालियों के आसपास साफ सफाई कराकर चूने व पानी का छिड़काव कराया गया।
लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए मुस्तैद रही पुलिस
वीकेंड लॉकडाउन के दौरान शनिवार को जिले में प्रशासन पूरी तरह सख्त रहा। पुलिस ने जगह-जगह लोगों को रोक कर मास्क व लॉकडाउन के उल्लंघन करने वालों पर केस काटा। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि वीकेंड लॉकडाउन के दौरान पूरे जिले में यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला मुख्यालय को 31 जुलाई तक कंटेनमेंट जोन घोषित करते हुए लॉकडाउन बढ़ाया गया है। संबंधित क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षकों को लॉकडाउन का पालन सख्ती के साथ कराने का निर्देश दिया गया है।