बलरामपुर। बीएसए डॉ. रामचंद्र ने श्रीदत्तगंज शिक्षा क्षेत्र के सात स्कूलों का 20 अक्तूबर को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन स्कूलों में ताला लटकता मिला। समस्त स्टॉफ का वेतन व मानदेय अग्रिम आदेश तक के लिए रोक कर जवाब तलब किया गया है। बीएसए ने निरीक्षण के दौरान स्कूलों में मौजूद शिक्षकों व अन्य स्टॉफ को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
बीएसए ने बुधवार को बताया कि प्राथमिक विद्यालय महदेइया मोड़ श्रीदत्तगंज, उच्च प्राथमिक विद्यालय महदेइया मोड़ श्रीदत्तगंज व प्राथमिक विद्यालय अगयाबुजुर्ग श्रीदत्तगंज में निरीक्षण के दौरान ताला लटकता पाया गया।
प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत शिक्षिका सुप्रिया द्विवेदी को छोड़कर अन्य सभी स्टॉफ का वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दिया गया है। उच्च प्राथमिक विद्यालय महदेइया मोड़ के सभी स्टॉफ का वेतन और मानदेय रोका गया है। प्राथमिक विद्यालय अगया बुजुर्ग के शिक्षक कमाल अहमद व शिक्षिका ऊषा मिश्रा का वेतन अग्रिम आदेश तक के लिए रोका गया है। तीनों स्कूलों के समस्त स्टाफ से तीन दिन में जवाब तलब किया गया है। प्राथमिक विद्यालय मन्नीपुरवा में शिक्षक पुष्पेंद्र प्रताप सिंह व शिक्षिका प्रतिमा सिंह को विलंब से उपस्थित होने पर तीन दिन में जवाब तलब किया गया है।
उच्च प्राथमिक विद्यालय गुमड़ी में निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं ठीकठाक पाई गई। प्राथमिक विद्यालय पासीपुरवा में हेडमास्टर अजय शंकर वाजपेयी से 19 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक गायब रहने के चलते अग्रिम आदेश तक वेतन रोक दिया गया है। बिना किसी पूर्व सूचना के शिक्षक शिवा सिहं व कौशल किशोर सिंह से जवाब तलब किया गया है। प्राथमिक विद्यालय गुमड़ी में स्कूल की रंगाई पुताई कराने का निर्देश दिया गया है। प्राथमिक विद्यालय गुमड़ी में इंचार्ज हेडमास्टर के साथ साथ समस्त स्टॉफ के पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरते जाने पर वेतन एवं मानदेय अग्रिम आदेश तक के लिए रोक दिया गया है।