बलरामपुर। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतदेय (मतदान) स्थलों की सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अब कोई भी व्यक्ति इन सूचियों का निरीक्षण कर 18 जुलाई तक अपनी आपत्तियां अथवा सुझाव संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है।
अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ज्योति राय ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र तुलसीपुर, गैसड़ी, उतरौला और बलरामपुर (अजा) के लिए मतदेय स्थलों की सूची प्रकाशित की गई है। सूची निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (उपजिलाधिकारी) कार्यालयों के साथ ही जिला निर्वाचन कार्यालय में निशुल्क निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगी। यदि किसी व्यक्ति को मतदेय स्थलों की सूची के संबंध में कोई आपत्ति या सुझाव देना है तो वह 18 जुलाई अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकता है। उन्होंने बताया कि प्राप्त आपत्तियों और सुझावों पर 18 जुलाई को सांसद, विधायक एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में विचार किया जाएगा। इसके बाद संशोधन कर मतदेय स्थलों की सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।