बलरामपुर। तुलसीपुर-बौद्ध परिपथ मार्ग पर सिसई गांव के पास बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे ट्रक को ओवरटेक के दौरान हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बारात में शामिल होने जा रहे थे। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मच गया।
बेलवा सुल्तानजोत निवासी दीप बहादुर (35) और किठुरा निवासी मनीष यादव (30) एक ही बाइक पर सवार होकर बलुआ बलुई (कोयलरा) में बरात में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में सिसई गांव के पास सामने चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई।
टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हेलमेट न पहने होने से हादसे में दीप बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनीष यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों को जिला मेमोरियल चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दीप बहादुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल मनीष का इलाज हो रहा है। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों की मदद से दूसरे बाइक चालक की तलाश की जा रही है।