फोटो-16-बलरामपुर के पेहर बाजार में खाद की दुकान का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र ना
बलरामपुर। निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर यूरिया बिक्री की शिकायत मिलने पर जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार और वरिष्ठ प्राविधिक सहायक राकेश पांडेय की संयुक्त टीम ने बुधवार को पेहर बाजार स्थित उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर दो खाद विक्रेताओं के उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र निलंबित कर दिए गए, जबकि एक विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स अमन खाद भंडार की दुकान बंद मिली। टीम के पहुंचने से पहले ही विक्रेता मौके से चला गया। शिकायत थी कि किसानों को निर्धारित मूल्य के बजाय 350 रुपये प्रति बोरी की दर से अधिक कीमत वसूलकर यूरिया बेची जा रही थी। विक्रेता के अनुपस्थित रहने के कारण जांच पूरी नहीं हो सकी। प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
इसके बाद खुशहाली कृषि सेवा केंद्र की जांच में पीओएस मशीन में दर्ज नौ बोरी यूरिया का स्टॉक भौतिक रूप से सही मिला, लेकिन स्टॉक बोर्ड और रेट बोर्ड अद्यतन नहीं पाए गए। इस पर विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया।
वहीं इस्माइल ट्रेडर्स के निरीक्षण के दौरान भी विक्रेता दुकान छोड़कर चला गया, जिससे स्टॉक और वितरण का सत्यापन नहीं हो सका। प्रथम दृष्टया अनियमितता मानते हुए उसका उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र भी निलंबित कर दिया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसानों से अधिक कीमत वसूलने या उर्वरक वितरण में अनियमितता करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।