बलरामपुर। कोरोना वैश्विक महामारी की रोकथाम के लिए सरकार के निर्देश पर अस्पतालों को संसाधनों से लैस किया जा रहा है। लक्षण विहीन कोरोना मरीजों के इलाज के लिए जिले में दो लेवल-1 अस्पतालों का संचालन शुरु कर दिया गया है। दो और स्वास्थ्य केंद्रों को लेवल-1 हास्पिटल बनाने की तैयारी की जा रही है।
सीएमओ डॉ. विजय बहादुर सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अस्पतालों को संसाधनों से लैस करने में जुटा हुआ है। जिले के संयुक्त जिला चिकित्सालय में 100 बेड का लेवल-2 हास्पिटल कोरोना मरीजों के लिए संचालित है।
यहां पर 100 बेड की व्यवस्था उपलब्ध है। 17 बेड पर वेंटिलेटर एवं अन्य सभी बेडों पर आक्सीजन की सुविधा उपलब्ध है। यहां पर कोरोना के लक्षण वाले गंभीर मरीजों को रखा जाता है।
अब कोरोना विहीन मरीजों को रखने के लिए जिले के श्रीदत्तगंज एवं नंदनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को लेवल-1 हास्पिटल के रूप में तैयार कर संचालन शुरु कर दिया गया है। ऐसे लक्षणविहीन कोरोना मरीज जो गंभीर नहीं है और जिनके घर अलग रहने की व्यवस्था नहीं है उन्हें इलाज के लिए लेवल-1 हास्पिटल में रखा जाएगा।
यहां पर मरीजों के लिए खाने-पीने के साथ-साथ दवा व अन्य चीजें मुहैया कराई जाएंगी। सीएमओ ने यह भी बताया कि जिले में दो और स्वास्थ्य केन्द्रों सीएचसी गैसड़ी व सीएचसी गैड़ास बुजुर्ग को भी लेवल-1 हास्पिटल के रूप में तैयार किया जा रहा है। इनका संचालन भी शीघ्र ही शुरु कराया जाएगा।