बलरामपुर के रतनपुर पश्चिमडीह में जुटे लोग।-संवाद
गौरा चौराहा (बलरामपुर)। गांवों में तेंदुओं के हमले के मामले कम नहीं हो रहे हैं। गैसड़ी ब्लॉक के ग्राम रतनपुर पश्चिमडीह में शनिवार की रात 11 बजे तेंदुआ घर के बाहर से एक पालतू कुत्ते को उठा ले गया। घटना के बाद से गांव में दहशत है। वन विभाग की टीम ने गांव का भ्रमण किया और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की तैयारी शुरू की है।
गांव निवासी सर्वजीत चौधरी ने बताया कि वह घर के बाहर चारपाई डाले सो रहे थे। चारपाई के नीचे पालतू कुत्ता बैठा था। देर रात कुत्ते के चिल्लाने की आवाज सुनी तो आंख खुल गई। टॉर्च जलाकर देखा तो तेंदुआ कुत्ते को जबड़े में दबाकर जाता दिखा। सर्वजीत ने शोर मचाया तो मौके पर पड़ोसी अविनाश चौधरी व सरोज चौधरी भी टॉर्च और डंडा लेकर पहुंच गए। दौड़ाने पर कुत्ते को जबड़े में दबाकर झाड़ियों की तरफ भाग गया। घटना के बाद से ग्रामीण दहशत में हैं। लड्डू चौधरी, महेंद्र कुमार व अविनाश चौधरी आदि ने वन विभाग को घटना के बारे में जानकारी दी।
उप प्रभागीय वनाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मौके पर वन रक्षक राहुल कुमार व वाचर किस्मत धनी को भेजा गया है। टीम ने ग्रामीणों के साथ रास्ते व खेतों से तेंदुए के पगचिह्न का ब्योरा जुटा कर उच्चाधिकारियों को भेजा है। उप प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जल्द ही गांव में पिंजरा लगाया जाएगा। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।