महराजगंज तराई (बलरामपुर)। रिहायशी इलाके में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अफसरों से जंगली जानवरों के दहशत से निजात दिलाने की मांग की है।
महराजगंज तराई थाना क्षेत्र के रामगढ़ मैटहवा गांव में बुधवार की सुबह पुत्तन तिवारी, अब्दुल सलाम, मंगरे, बड़कऊ, कल्लू, नूर आलम, जीवनलाल व पवन कुमार आदि को गन्ने के खेत में तेंदुआ दिखाई दिया। इन लोगों ने हांका लगाकर तेंदुए को जंगल की तरफ भगाने का प्रयास किया।
तेंदुआ फिर से गन्ने के खेत में भागकर घुस गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जंगल की तरफ भगाने की मांग की है। रेंजर बनकटवा राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर वन विभाग की टीम भेजी जा रही है। ग्रामीणों को समूह में निकलने और घर के सामने आग जलाने की सलाह दी गई है।