गौरा चौराहा (बलरामपुर)। नेवरी गांव के सिरिया नाले के पास शुक्रवार की सुबह फिर तेंदुआ टहलता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने दौड़ाया तो वह खेत के रास्ते जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार तेुदंआ नजर आ रहा है लेकिन वन विभाग के अधिकारी सिर्फ जागरूकता तक सीमित हैं।
नेवरी गांव के लोग पशुओं को लेकर सुबह खेत की तरफ गए थे। राकेश, रामदीन, गंगाराम, दिनेश को नाले के किनारे तेंदुआ दिखा, तेंदुआ दिखते ही पशु भी इधर-उधर भागने लगे। चरवाहों ने हिम्मत करके लाठी-डंडा पटकते हुए शोर मचाया तो तेंदुआ भाग गया। ग्राम नेवरी के साथ ही चौखड़ा, सिंघवापुर भुसैलवा, गौरा, त्रिकोलिया, गोविंदपुर, थरूनिया, टेंगनहवा, परसा, हरहटा आदि गांवों में भी तेंदुआ अक्सर नजर आता है, जिससे इन गांवों में दहशत का माहौल है। वर्ष 2024 में अप्रैल माह में पड़ोस के गांव बाड़ी बिजूलिया में तेंदुए ने खेत देखने गए ग्राम चौकीदार को दोपहर में ही हमलाकर घायल कर दिया था, जिनका महीनों अस्पताल में इलाज चला था। क्षेत्रवासी दुष्यंत चौधरी, राजकुमार चौरसिया, संतोष श्रीवास्तव, राजेश वर्मा, दिलीप श्रीवास्तव, मंजूर अहमद अश्वनी मिश्रा फसीहुद्दीन खां आदि ने पिंजरा लगाने की मांग वन विभाग से की है।