महाराजगंज तराई (बलरामपुर)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रमनगरा में लगातार तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पूर्व में तेंदुआ पास के गांव दांदव में नीलगाय को शिकार भी बना चुका है।
गांव निवासी राहुल वर्मा ने बताया कि शनिवार की शाम लगभग सात बजे खेत से गन्ने की कटाई करके वापस लौटते समय गांव के पास तेंदुआ दिखाई पड़ा। हल्ला-गुहार करने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। जिसके बाद तेंदुआ गन्ने के खेत में चला गया। ग्रामीण आलमशेर, कामेश्वर ओझा, राजित राम, बाबूलाल, जवाहर वर्मा आदि ने तेंदुए को पकड़वाने की मांग वन विभाग के अधिकारियों से की है। बरहवा रेंज के वन रक्षक सूरज पांडेय ने बताया कि गांव में तेंदुआ दिखने की सूचना मिली है। मौके पर वन विभाग की टीम भेजी गई है।