गौरा चौराहा (बलरामपुर)। थाना क्षेत्र के बेनीनगर में एक बार फिर तेंदुआ चहल-कदमी करता देखा गया है। लोगों ने उसे मोबाइल कैमरे में कैद कर इसकी जानकारी वन विभाग के अफसरों को दी। तेंदुए की आमद से बेनीनगर के साथ ही आस पास के गांवों में दहशत बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अफसरों से इलाके में घूम रहे तेंदुए को जल्दी पकड़वाने की मांग की है।
बीते एक माह से बेनीनगर के साथ ही धोबहा, बेलहसा, रतनपुर, झौव्वा, सुस्ता, जमुवरिया, हज्जीडीह, त्रिलोकपुर, भोजपुर,मानपुर, कुड़वा, मदरहवा आदि गांव में तेंदुए की दहशत कायम बनी है। इलाके में घूम रहा तेंदुआ नीलगाय, गाय, बैल, हिरन, कुत्ता, सियार आदि को शिकार भी बना चुका है। गांव के अजीत सिंह, लवकुश जायसवाल, शिवकुमार आदि ने बताया कि वह लोग ट्रैक्टर से खेत में गन्ना लादने गए थे। उन्हें खेत के किनारे गन्ने में तेंदुआ बैठा दिखा। डर और दहशत के बीच इन्होंने मोबाइल कैमरे से इसकी फोटो लेकर वीडियो भी बनाया। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुआ ट्रैक्टर की आवाज और लोगों का शोर सुनकर भी नहीं भागा। ढोल इत्यादि पीटने पर ही वह जंगल की ओर भागा। रेंजर देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि इस संबंध में उच्चाधिकारियों को जानकारी दे कर इलाके में तेंदुए को पकड़ने के लिए टीम को भेजा गया है। डीएफओ डा. एम. सेम्मारन ने बताया कि चिह्नित गांव की सघन निगरानी की जा रही है।