पिपरहवा चौराहा (बलरामपुर)। सोहेलवा जंगल के जनकपुर रेंज के शिवानगर गांव में सोमवार शाम को तेंदुए ने एक बकरी को अपना निवाला बनाया। गांव के पास ही बकरियां चराई जा रही थीं, तभी घटना हुई। घटना के बाद से ही ग्रामीणों में डर का माहौल है।
ग्राम पंचायत भंगहा कला के मजरा शिवानगर निवासी इसराइल ने बताया कि सोमवार शाम करीब छह बजे वह गांव के पास अपनी बकरियां चरा रहे थे थी, तभी घनी झाड़ियों से निकलकर तेंदुए ने बकरियों पर हमला कर दिया। तेंदुआ एक बकरी को झाड़ियों में दबोच ले गया। वह जब जंगल की तरफ गया, तो वहां उनकी बकरी का क्षत-विक्षत शव मिला। इससे पहले शनिवार की शाम को गांव के ही वीर बहादुर सिंह की बकरी को तेंदुआ अपना निवाला बना चुका है।
तेंदुए के लगातार हमले से गांव के लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। जनकपुर रेंजर अमरजीत प्रसाद ने बताया कि शिवानगर गांव में वन विभाग की टीम भेजी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बच्चों व मवेशियों की सुरक्षा करने और अकेले खेत में न जाने की सलाह दी जा रही है।