हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के भितवरियाकला गांव में तेंदुए ने घर के आंगन में बैठे कुत्ते को मारकर अपना निवाला बना लिया। तेंदुए के घर में घुस जाने से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
हरैया थाना क्षेत्र के भितवरियाकला निवासी राम कुमार वर्मा ने गुरुवार को बताया कि रात के समय घर के आंगन में सो रहे पालतू कुत्ते पर तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ कुत्ते को मारकर उठा ले गया और उसे अपना निवाला बना लिया।
शोर मचाने पर मौके पर पहुंचे ग्रामीण हेमराज, ब्रह्मा यादव, केशवराम, अमिरिका गौतम व राम गोपाल आदि ने हांका लगाकर तेंदुए को नहर की तरफ भगाया। तेंदुआ गन्ने की खेत में चला गया। इस घटना से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। बनकटवा रेंज के प्रभारी रेंजर राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।